इंद्र सूर्या ट्रस्ट ने महिलाओं को वितरित की दोना प्लेट, सिलाई और बुनाई मशीन

इंद्र सूर्या ट्रस्ट ने महिलाओं को वितरित की दोना प्लेट, सिलाई और बुनाई मशीन
नैनबाग (अमित नौटियाल/रोशन वर्मा)–राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत नैनबाग के ग्राम टिकरी में इंद्र सूर्या ट्रस्ट ने महिलाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए निःशुल्क दोना प्लेट मशीन, सिलाई मशीन, बुनाई मशीन सहित कई आवश्यक उपकरण वितरित किए। कार्यक्रम का शुभारंभ इंद्र सूर्या ट्रस्ट के अध्यक्ष कर्नल अनिल थापा, ब्लॉक प्रमुख जौनपुर सीता रावत, खंड विकास अधिकारी अर्जुन सिंह रावत, ब्लॉक मिशन मैनेजर दीपक बहुगुणा, एरिया कोऑर्डिनेटर प्रदीप नौटियाल, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश नौटियाल, ट्रस्ट की उपाध्यक्ष मिनाक्षी थापा, जिला पंचायत सदस्य देवेन्द्र सिंह पंवार, क्षेत्र पंचायत सदस्य ढकरोल देवेन्द्र चौहान, ग्राम प्रधान टिकरी चमन लाल ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर ग्रामीण ढोल की थाप पर जमकर थिरकते नजर आएं।
इंद्र सूर्या ट्रस्ट के अध्यक्ष अनिल थापा ने बताया कि महिलाओं को स्वावलम्बी बनाना और परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए ट्रस्ट लगातार महिलाओं को आवश्यक उपकरण वितरित कर रही है। ट्रस्ट महिलाओं में जागरूकता लाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन भी कर रही है। आगे भी महिलाओं को आत्मनिर्भरता और स्वालंबन बनाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे कि महिलाएं आत्मनिर्भर बन सके। ब्लॉक प्रमुख जौनपुर सीता रावत ने कहा कि ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा यह कार्य प्रशंसनीय है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ट्रस्ट लगातार अग्रणी है। भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश नौटियाल ने बताया कि महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए ट्रस्ट द्वारा सराहनीय कार्य किया जा रहा है। महिलाओं को सिलाई मशीन सहित विभिन्न उपकरणों से महिलाएं स्वरोजगार कर अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकेगी। इस अवसर पर वीरेन्द्र पंवार, राकेश जौनपुरी, राकेश खन्ना, विक्रम सिंह, टिकम सिंह, मिजान सिंह, सुन्दर लाल, सुमेर खन्ना, नीलम, सोनम, कविता, प्रियंका, रजिता, मनोज वर्मा, विनय वर्मा, आशीष वर्मा सहित कई लोग उपस्थित रहे।