राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण में त्वरित होगा शिकायतों का निस्तारण, प्राधिकरण के चेयरमैन ने शिकायतों के निस्तारण के लिए खास एसओपी तैयार करने के दिए निर्देश
राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण में त्वरित होगा शिकायतों का निस्तारण, प्राधिकरण के चेयरमैन ने शिकायतों के निस्तारण के लिए खास एसओपी तैयार करने के दिए निर्देश
शिकायतों के स्वभाव व गंभीरता के अनुरूप तय रहेगा निस्तारण का समय और उसी हिसाब से तय होगी जिम्मेदारी
देहरादून- राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण में लाभार्थियों की शिकायतों का अब पहले से अधिक त्वरित गति से निस्तारण हो जाएगा। प्राधिकरण के चेयरमैन अरविंद सिंह ह्यांकी के निर्देशों पर इसके लिए एक खास मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) अमल में लाई जा रही है।
राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के अंतर्गत संचालित आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, अटल आयुष्मान योजना एवं राज्य सरकार स्वास्थ्य योजना के सुचारू रूप से संचालन हेतु चेयरमैन अरविंद सिंह ह्यांकी ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। कार्यालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देशित करते हुए चेयरमैन ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण हर हाल में यथा समय होना जरूरी है। इसके लिए जो भी व्यवस्थाएं या नेटवर्किंग जरूरी है उसे जल्द अमल में लाएं।
बता दें कि आयुष्मान योजना से संबंधित जानकारियों व समस्याओं के निस्तारण को लेकर प्राधिकरण में स्थापित कॉल सेंटर के अलावा विभागीय ई-मेल, ऑनलाइन पोर्टल, डाक, सीएम हेल्पलाइन, कार्यालय पटल व कार्मिकों के जरिए सूचनाएं आती हैं। इन सभी माध्यमों से आने वाली शिकायतों को रणनीतिक तौर पर हल करने की कार्ययोजना बनाने के लिए भी चेयरमैन ने निर्देश दिए हैं। साफ है कि नए निर्देशों से प्राधिकरण में शिकायत निस्तारण की स्थिति पहले से और अधिक दुरुस्त हो जाएगी।बैठक में निदेशक प्रशासन डा. वीएस टोलिया, अपर निदेशक प्रशासन अतुल जोशी, अमित शर्मा, वरिष्ट प्रबन्धक दीपक खण्डूड़ी, प्रबंधक कॉल सेंटर रागिनी गुरंग आदि मौजूद रहे।
