प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान के तहत वीरपुर और बगोरी गांव का चयन, योजना से दोनों गांवों में सामाजिक-आर्थिक स्थिति में होगा सुधार- डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट – Dhanaulti Express
उत्तरकाशी: प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान के तहत वीरपुर और बगोरी गांव का चयन, योजना से दोनों गांवों में सामाजिक-आर्थिक स्थिति में होगा सुधार- डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट
जनजातीय बाहुल्य गांवों के लिए शुरू की जाने वाली योजना ‘प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान‘ को गत बुधवार को केन्द्रीय कैबिनेट द्वारा मंजूरी दी गई है और गत दिन इस योजना के बावत केन्द्रीय जनजातीय मामलों के मंत्रालय की अपर सचिव आर.जया ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलाधिकारियों एवं जन जाति कल्याण विभाग के अधिकारियों को इस योजना की जानकारी देते हुए इसे प्रभावी तरीके से संचालित करने की अपेक्षा की।
इस योजना में जनजातीय समुदायों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए 25 कार्यक्रम शामिल किए गए. जिन्हें केंद्र सरकार के 17 मंत्रालयों के माध्यम से कार्यान्वित कराया जाएगा। इस मिशन के तहत सक्षम बुनियादी ढांचे का विकास, आर्थिक सशक्तिकरण को बढावा देने, सभी की शिक्षा तक अच्छी पहुंच तथा स्वस्थ्य जीवन और सम्मानजनक वृद्धावस्था के तय लक्ष्यों को हासिल करने के लिए समयबद्ध तरीके से पांच सालों के भीतर चिन्हित योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाएगा।
इस योजना में जिले के जनजातीय समुदाय की बहुलता वाले गांव वीरपुर एवं बगोरी को शामिल किए जाने पर जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इस अभियान के कार्यान्वयन को लेकर संबंधित विभागों से अभी से तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
